गरियाबंद : माघ पूर्णिमा से राजिम माघी पुन्नी मेला शुरू होने जा रहा है। महाशिवरात्रि तक चलने वाले मेले के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज केंद्रीय समिति की राजिम में बैठक आयोजित हुई। धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, परिवहन एवं वन मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक अमितेष शुक्ल और धन्नेद्र साहू की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। प्रभारी मंत्री द्वारा बैठक में राजिम माघी पुन्नी मेला की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को कई दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और समिति के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल रहे।
धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राजिम माघी पुन्नी मेला का आयोजन भव्य होगा। गत वर्षों में जो व्यवस्थाएं होती रही है उन्ही व्यवस्थाओं को हालात को देखते हुए इस साल भी किया जायेगा।
कोरोना गाइडलाइंस का सख्ती से होगा पालन
मंत्री ने साफ कर दिया कि पूरे आयोजन में केंद्र सरकार की कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाएगा। एक स्थान पर भीड़ ना हो इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा। श्रद्धालुओ के स्नान के लिए भी उन्होंने अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था करने के निर्देश दिए है जिससे एक स्थान पर भीड़ ना लगे।
नही होगा सरकारी आयोजन
मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार कोरोना महामारी के कारण संत समागम नही होगा। बड़े धार्मिक अनुष्ठान नही होंगे और ना ही सांस्कृतिक कार्यक्रमो का आयोजन होगा।
पुराने स्थल में ही होगा मेला का आयोजन
मंत्री ने बताया कि इस बार राजिम माघी पुन्नी मेला का आयोजन पुराने मेला स्थान पर ही होगा। यह सवाल लोगो के मन मे उठ रहा था कि इस बार का आयोजन नवीन मेला स्थल पर होगा या पुराने मेला स्थल पर। जिसे मंत्री ने क्लियर कर दिया कि इस बार पुराने स्थान पर ही राजिम माघी पुन्नी मेला का आयोजन होगा।
तकरीबन एक घण्टे चली बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को कई दिशा निर्देश जारी किए। हालांकि उन्होंने राजिम माघी पुन्नी मेला से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों के कंधों पर सौप दी। गरियाबंद कलेक्टर को आवश्यकता अनुसार व्यवस्थाएं बनाने निर्देशित किया।