सावन के प्रथम सोमवार पर गरियाबंद जिले के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा, सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए मंदिरों में लंबी कतारों में नजर आए, हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
सावन के पहले सोमवार पर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई, श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
वहीं राजिम त्रिवेणी संगम स्थित प्राचीन कुलेश्वर महादेव मंदिर और गरियाबंद के विश्व प्रसिद्ध भूतेश्वर महादेव मंदिर सहित जिले के अन्य शिवालयों में भी हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की, मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, और पूरे परिसर में शिव भक्ति के भजन गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसरों में पुलिस और प्रशासन की विशेष व्यवस्था की गई है, सावन के पहले सोमवार पर उमड़ी इस आस्था ने पूरे जिले को शिवमय बना दिया, हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भक्तों ने भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।