गरियाबंद : सड़क पर बेसहारा घूमने वाले मवेशियों और रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में मेसर्स सुभाष कुमार अग्रवाल एंड कंपनी ने सराहनीय पहल शुरू की है, कंपनी द्वारा सड़क पर घूमने वाले मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी लगाई जा रही है, ताकि रात के अंधेरे में वाहन चालकों को दूर से ही मवेशियों की मौजूदगी का पता चल सके।
रात के समय जब वाहन की हेडलाइट की रोशनी मवेशियों पर पड़ेगी, तो गले में लगी रेडियम पट्टी रोशनी को रिफ्लेक्ट करेगी, इससे वाहन चालक सतर्क हो सकेंगे और अचानक सामने आने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को टाला जा सकेगा, यह छोटा सा प्रयास मवेशियों की जान बचाने के साथ-साथ इंसानी जिंदगी की सुरक्षा में भी बड़ी भूमिका निभा सकता है।
कंपनी की इस पहल को जनहित, समाज सेवा और गौधन सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील पहल के रूप में देखा जा रहा है, आमतौर पर सड़क निर्माण और विकास कार्यों को लेकर चर्चा होती है, लेकिन निर्माण कंपनी द्वारा सड़क सुरक्षा के साथ मवेशियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाना सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करता है।
एक छोटी सी रेडियम पट्टी, अंधेरी रात में सुरक्षा की बड़ी उम्मीद बनकर सामने आई है, इससे न केवल वाहन चालकों को सावधानी बरतने में मदद मिलेगी, बल्कि सड़क पर घूमने वाले बेजुबान मवेशियों को भी हादसों से बचाने का प्रयास किया जा सकेगा।
इस दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर अमन कुमार दुबे, वरिष्ठ स्ट्रक्चर इंजीनियर पुष्पराज पटेल, एचआर एडमिन अमित दुबे, स्ट्रक्चर इंजीनियर सतेंद्र पटेल, लैब प्रभारी मुकेश यादव, स्ट्रक्चर इंजीनियर प्रियांशु मिश्रा एवं स्टोर प्रभारी विकाश पटेल सहित कंपनी के कर्मचारी मौजूद रहे।
कंपनी की यह पहल संदेश देती है, कि विकास केवल सड़क और पुल बनाने तक सीमित नहीं, बल्कि उस सड़क पर चलने वाले इंसान और बेजुबान जीवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी समाज की साझा जिम्मेदारी है।