गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों का अव्यवस्थाओं को लेकर गुस्सा फूटा छात्र इस मामले को लेकर जिले के कलेक्टर से मिलने पैदल मार्च कर गरियाबंद की ओर कूच कर रहे थे, आनन फानन में प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाया और उनकी बातें सुन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने छात्रों को आश्वस्त किया।
खराब खाने को लेकर छुरा एकलव्य आवासीय छात्रावास के छात्रों के पैदल मार्च की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया, पैदल मार्च में शामिल छात्रों ने बताया कि सुबह साढ़े 9 बजे जब सेवई दिया गया, तो उसमें कीड़े थे, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, पिछले कई महीनो से खराब भोजन दिया जा रहा है, बार-बार शिकायत के बाद भी सुधार नही किया जा रहा है।
कलेक्टर से मिलने निकले छात्रों को छुरा मंडी के पास पुलिस व राजस्व को टीम ने रोक लिया, मौके पर एसडीएम भूपेंद्र साहू, प्रभारी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग नवीन भगत समेत स्थानीय प्रशासन के दर्जन भर अधिकारी समझाइश देने लगे, लेकिन छात्र कलेक्टर के आने के बाद ही छात्रावास लौटने की जिद पर अड़े थे, आखिरकार ठोस आश्वासन के बाद छात्र वापस लौटने पर राजी हुए।
मामले में एसडीएम भूपेंद्र साहू ने बताया कि छात्रों की समस्या को सुना गया है, साथ ही उसका निराकरण भी किया जा रहा है, गुणवत्ता युक्त भोजन मिले इसके लिए तत्काल एक मेस कमेटी का गठन किया जा रहा है, उनकी निगरानी में ही भोजन प्रबंधन रहेगा।