छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम में श्रावण मास के चतुर्थ और अंतिम सोमवार को बाबा गरीबनाथ जी की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। बाबा केदारेश्वर वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में पालकी यात्रा के साथ 51 हजार पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण भी किया जाएगा।
भव्य पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए कई आकर्षण के केंद्र रहेंगे। श्री कुलेश्वरनाथ डमरू वादक ग्रुप, विशाल शिवशक्ति प्रतिमा, बाबा गरीबनाथ जी की महाआरती, सुप्रसिद्ध देव ऑडियो, मास्टर लक्की धमाल रायपुर, मां शाकंभरी की झांकी और राजनांदगांव की चलित रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजकों के मुताबिक, पालकी यात्रा को भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। श्रावण सोमवार के इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है
51 हजार पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक, प्रसादी भंडारा वितरण दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक, बाबा गरीबनाथ जी की भव्य पालकी यात्रा प्रारंभ शाम 4 बजे कार्यक्रम स्थल से। पालकी यात्रा मार्ग पड़ाव प्रारंभ कार्यक्रम स्थल, भैरव बाबा मंदिर, बाबा गरीबनाथ मंदिर, पं. श्यामाचरण चौक बस स्टैंड राजिम, शिवाजी चौक,आमापारा, माँ महामाया मंदिर, आजाद चौक ठाकुर पारा से वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी।
आपको बता दें, कि बाबा गरीबनाथ की भव्य महाआरती का आयोजन शाम 7 बजे बस स्टैंड राजिम में किया जाना है। जिसमें समस्त श्रद्धालु अपने सहपरिवार सहित इस आयोजन में आकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते है।