राजिम स्थित एकमात्र सार्वजनिक बजरंग अखाड़ा जिम की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए नगर के युवाओं ने पहल की है, बजरंग अखाड़ा राजिम फिटनेस क्लब एवं राजिम नगर के युवा साथियों ने विधायक निवास पहुंचकर राजिम विधायक को जिम सामग्री के लिए 10 लाख रुपये का आवेदन सौंपा।
युवाओं ने बताया कि पिछले वर्षों में दो बार बाढ़ का पानी जिम में भरने के कारण वहां मौजूद अधिकांश पुरानी कसरत मशीनें और लोहे के उपकरण जर्जर हो चुके हैं, लंबे समय तक पानी में डूबे रहने से उपकरणों में भारी जंग लग गई है, जिससे वे उपयोग के लायक नहीं रह गए हैं, इसके चलते युवाओं के नियमित व्यायाम और शारीरिक प्रशिक्षण पर भी असर पड़ा है।
इस दौरान विधायक ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वयं एक स्पोर्ट्स पर्सन रहे हैं, और जूडो सहित अन्य खेलों में प्रशिक्षण लेने के साथ-साथ खिलाड़ी और ट्रेनर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, उन्होंने कहा कि वे खिलाड़ियों और खेल से जुड़ी समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं, तथा स्वास्थ्य और खेल के प्रति उनकी गंभीरता हमेशा रही है।
विधायक ने युवाओं की मांग को जायज बताते हुए आवेदन पर हस्ताक्षर किए और 10 लाख रुपये के प्रस्तावित कार्य में से प्रथम चरण में 5 लाख रुपये की राशि से जिम सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया,
बजरंग अखाड़ा के सदस्यों ने कहा कि राजिम के युवा अब स्वास्थ्य और अपनी समस्याओं को लेकर जागरूक हो रहे हैं। “नशा छोड़ो-अखाड़ा जोड़ो” के संदेश के साथ युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखकर उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत और स्वस्थ बनाना उनका मुख्य उद्देश्य है।
युवाओं ने विधायक द्वारा दिए गए आश्वासन को क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं के हित में सराहनीय कदम बताया। इस दौरान राजिम नगर के बड़ी संख्या में युवा साथी एवं बजरंग अखाड़ा के सदस्य मौजूद रहे।