भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद दूसरी बार गरियाबंद पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने बीते दिनों मैनपुर में पार्टी पदाधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। पार्टी संगठन के कार्यों में रुचि ना देने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने सीधे-सीधे चेतावनी दी कि पार्टी संगठन के अनुरूप काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों की छुट्टी कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी में बहुत से कार्यकर्ता है जो पद नहीं मिलने के बाद भी बेहतर कार्य कर रहे हैं उन्हे मौका दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कई ऐसे पदाधिकारी है जो सिफ़ारिश और बड़े नेताओ के करीबी होने का फायदा उठाकर पद तो हासिल कर लिए हैं। लेकिन उसके अनुरूप अब तक अपना परफॉर्मेंस नहीं दिखा पाए। पद में होने के बाद भी पार्टी संगठन के अनुरूप उनकी कार्यप्रणाली उचित नहीं है जिसका सीधा असर संगठन व पार्टी के कार्यक्रमों पर भी पड़ रहा हैं।
उन्होंने ऐसे पदाधिकारियों को भी नसीहत देते हुए कहा कि ऐसे युवाओं को अगर पार्टी संगठन के पद में रहना है। तो वे पार्टी संगठन के अनुरूप ही कार्य करें अन्यथा ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्यवाही करने के पहले सोचने की जरूरत नहीं होगी।
ज्ञात हो कि आदिवासी युवा से चर्चा कार्यक्रम के तहत भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू मैनपुर पहुंचे थे। इस दौरान भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित गई थी। बैठक में युवा मोर्चा के अधिकांश पदाधिकारी नदारद थे। इसे लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने बीते दो साल में पार्टी संगठन द्वारा दिए गए कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। समीक्षा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने भाजयुमो के परफामेंस से लेकर भी असंतोष जाहिर किया। अमित साहू ने कहा की जिस प्रकार से पार्टी संगठन के कार्यक्रमों में युवाओं की सहभागिता होनी थी। वह अब तक नहीं देखी है। वही कई ऐसे पदाधिकारी भी जिनके निष्क्रिय होने की शिकायत सुनने को मिलती है लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की विपक्ष में रहते हुए भाजयुमो की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हैं। युवा मोर्चा पार्टी की रीड है इस महती जिम्मेदारी के लिए प्रत्येक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रियता दिखानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए गंभीरता से काम करेंगे तो कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का संचार होगा।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने आगामी चुनाव को लेकर युवा मोर्चा को सक्रिय करने एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि युवाओं सहित हर वर्ग के समस्याओं के निराकरण करने के साथ ही राज्य सरकार की विफलता को जन जन तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की है। कार्यकर्ता अभी से चुनाव के लिए कमर कस लें और मैदानी स्तर पर काम करना शुरू कर दे।